डिडौली (अमरोहा)। मनौटा-चौधरपुर मार्ग पर एनएस इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार की रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बाइक से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार गांव दीपपुर निवासी मोहम्मद रियाज की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव सुपुर्द ए खाक कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर निवासी मोहम्मद रियाज के परिवार में पत्नी सबीना और तीन बेटियां हैं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात मोहम्मद रियाज बाइक से मनौटा-चौधरपुर मार्ग से घर लौट रहा था। जैसे ही वह एनएस इंटर कॉलेज के पास पहुंचा तो पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रियाज गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।