बिजनौर रोड पर रविवार सुबह करीब 11 बजे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गब्बर उर्फ इरफान (32) घायल हो गया। ट्रक चालक उसे नौगांवा के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा, लेकिन उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है।
गब्बर उर्फ इरफान नौगांवा सादात क्षेत्र के मिठनपुर कलां गांव निवासी यूनुस खान के बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी शहाना के अलावा तीन साल की बेटी है। चार भाइयों में तीसरे नंबर के इरफान बीलना गांव के अड्डे पर बाइक मरम्मत की दुकान करते थे।
रविवार सुबह इरफान दुकान पर गए थे। सुबह करीब 11 बजे वह बाइक की सर्विस करने से पहले धुलवाने के लिए दुकान के सामने बिजनौर रोड की दूसरी ओर जा रहे थे। इस बीच अमरोहा से बिजनौर की ओर जा रहे शीरे के खाली ट्रक के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई।
ट्रक चालक घायल को लेकर पहुंचा था अस्पताल
ट्रक चालक घायल इरफान को लेकर नौगांवा के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा। इस बीच पुलिस भी अस्पताल में पहुंची। इसके बाद पुलिस ने घायल इरफान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि परिजन उन्हें निजी अस्पताल में ले गए। दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान इरफान की मौत हो गई। उधर, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।