अमरोहा। नगर क्षेत्र में रहरा मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए।जिसमें से उपचार के दौरान बुलंदशहर के युवक की मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
बताते हैं कि सोमवार शाम को हसनपुर-रहरा मार्ग पर गांव रुस्तमपुर के नजदीक दो बाइकों की टक्कर हो गई। जिसमें बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के गांव चंदियान निवासी सादिक(38) पुत्र आबिद और दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली हसनपुर क्षेत्र के गांव गुलामपुर निवासी अशोक पुत्र रामवीर घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी पहुंच गई। अशोक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया लेकिन सादिक को गंभीर हालत में मौके से ही मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार शुरू होते ही उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उधर, मौत की सूचना मिलते ही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।