फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ज्वैलर्स की दुकान से आभूषण का डिब्बा लेकर भागा बदमाश

विज्ञापन
विज्ञापन
हसनपुर(अमरोहा)। नगर में मुख्य बाजार में स्थित सराफ की दुकान पर आभूषण लेने के बहाने घुसा युवक भीड़ का फायदा उठाकर आभूषण से भरा डिब्बा लेकर भाग निकला। युवक को भागते हुए सराफ ने देखा तो शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। लेकिन वह रास्ते से अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक से भागते बदमाश नजर आ रहे हैं। सराफ के मुताबिक डिब्बे में दो लाख के जेवर थे। पुलिस ने सराफ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी संजीव कुमार रस्तोगी उर्फ बॉबी नगर में पुरानी तहसील के नजदीक ज्वैलर्स की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक युवक दुकान में आया और ओम का लॉकेट दिखाने के लिए कहा। लोहे की अलमारी से लॉकेट का डिब्बा निकाल कर उसे दिखाया। पसंद नहीं आने पर डिब्बा बंद कर दिया। इसी बीच दो महिलाएं दुकान में आईं। दुकान स्वामी महिलाओं से खरीदारी के बारे में पूछने लगे। सराफ की नजर हटते ही युवक ने डिब्बा गायब कर दिया और कमर के पीछे छुपा कर बाहर जाने की कोशिश करने लगा। दुकानदार ने उसे डिब्बा ले जाते हुए देखा और शोर मचाते हुए रोकने की कोशिश की लेकिन वह बाजार के रास्ते पर भाग गया। दुकानदार ने अन्य साथियों के साथ उसका पीछा किया। करीब 100 मीटर पैदल भागने के बाद पीछे से आई बाइक पर सवार होकर बदमाश तंग गलियों में होते हुए फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। खोजबीन की जा रही है। जिस दुकान पर वारदात हुई उस दुकान पर सीसीटीवी कैमरा नहीं था। अन्य दुकानों के सीसीटीवी कैमरा में बदमाश भागते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों बदमाशों के मुंह पर मास्क लगा हुआ है। बाइक नीले कलर की है और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं है। सूचना मिलते ही भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पंकज भटनागर, उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संदीप गुप्ता, व्यापारी सुरक्षा फोरम के नगर अध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं सचिन गुप्ता समेत तमाम व्यापारी वहां पहुंच गए और पुलिस से जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की। बदमाशों द्वारा छीनकर ले जाए गए आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन

सराफ की दुकान से आभूषण का डिब्बा गायब करके बदमाश फरार होने का मामला जानकारी में है। बदमाशों को ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

- संजय तोमर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हसनपुर।
सराफ की दुकान पर आभूषण चोरी का मामला संज्ञान में है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। - श्रेष्ठा ठाकुर, सीओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें