हसनपुर(अमरोहा)। क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों और हरियाणा के झज्जर के ठेकेदार के बीच मजदूरी के 13 लाख बकाया भुगतान को लेकर चल रहा विवाद हसनपुर कोतवाली तक पहुंच गया। भुगतान नहीं मिलने पर मजदूर ठेकेदाराें के दो ट्रैक्टर लेकर अपने गांव पहुंच गए। पीछे से पुलिस के साथ ठेकेदार गांव पहुंच गया और ट्रैक्टरों को पुलिस की सहायता से कोतवाली तक लाया गया। इसके विरोध में मजदूरों ने जमकर हंगामा किया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव सूबरा निवासी मजदूर रतनपाल का कहना है कि वह आसपास के कई गांवों करीब तीस मजदूरों के साथ पिछले दो वर्षों से हरियाणा के झज्जर में एक ठेकेदार के अधीन काम कर रहे थे। शुरुआत में मजदूरी का भुगतान सही समय पर किया गया। लेकिन बाद में ठेकेदार ने पैसे रोकना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे अब उसके पास करीब 13 लाख रुपये का भुगतान बकाया हो गया। बार-बार कहने के बाद भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा।
भुगतान न मिलने पर मजदूरों ने तीन दिन पहले ठेकेदार के दो ट्रैक्टर हरियाणा के झज्जर से हसनपुर के गांव सिरसा में ले आए। इसके बाद रविवार को ठेकेदार हरियाणा पुलिस के साथ हसनपुर कोतवाली पहुंचा। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर वह गांव सिरसा गुर्जर पहुंचे। वहां से दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर कोतवाली में ले आए। इसकी खबर लगते मजदूर एकत्र होकर हसनपुर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान कोतवाली से बाहर निकलते हुए ठेकेदार और मजदूरों के बीच नोकझोंक हुई। मजदूरों ने हंगामा करते हुए अपना भुगतान कराने की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह का कहना है कि हरियाणा की झज्जर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।