रजबपुर। तीसरे दिन गांव कूबी में मध्य गंगा नहर के मुआवजे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में महिलाएं पहुंच गईं। उन्होंने नारा दिया कि मुआवजा नहीं तो निर्माण नहीं। जनपद में मध्य गंगा नहर का निर्माण काम लगभग पूरा हो चुका है लेकिन कूबी, रामपुर घना और मोहनपुर में जमीन का मुआवजा न मिलने के कारण निर्माण कार्य लटका हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी किसानों को मनाने में लगे हैं मगर किसान मानने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने वर्ष 2011 में जमीन अधिग्रहण की मगर मुआवजा नहीं दिया। अब जमीन काफी महंगी हो गई है इसलिए किसान किसी भी कीमत पर जमीन देने को तैयार नहीं है। वे मौजूदा सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा मांग रहे हैं।
इसी को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के बैनर तले कूबी के ग्रामीणों ने तंबू लगाकर धरना शुरू कर दिया है। बुधवार को भी उनका धरना जारी रहा। धरने में अब महिलाएं पहुंच गईं। चेतावनी दी कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक किसी भी तरह का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा और न ही मौके से उठेंगे। धरने में मुख्य रूप से कुलदीप सिंह, गुरूदेव सिंह, जयवीर सिंह, मुकेश, वीरपाल सिंह, कमल सिंह, पिंकू, इन्द्रावती, कुसुम, सुमिता आदि मौजूद रहे।