टेंशन लोगों की जान ले रहा है। एक दिन पहले ही देहात थाने के सहदौली गांव के किसान ने साहूकार के तगादे के टेंशन में खुदकुशी कर ली थी। मझोला खुर्द गांव निवासी सिपाही (रामपुर के सैफनी थाने में तैनात) ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया था। अब सैदनगली थाना इलाके के गांव मिलक फैय्याजनगर में जेठानी से कहासुनी के बाद पति की डांट से क्षुब्ध महिला फंदे पर झूल गई। परिजनों में बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव में तीन दिन पहले चंद्रपाल की पत्नी सर्वेश (40) की जेठानी कमलेश से कूड़े के ढेर उठाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि, इसी को लेकर बृहस्पतिवार शाम को सर्वेश ने कमलेश को देखकर गाली देना शुरू कर दिया। इस पर उसके पति चन्द्रपाल ने उसे डांट दिया। इसके बाद बाद रात करीब आठ बजे सर्वेश नाराज होकर घर से निकल गई। परिजनों ने रातभर सर्वेश को तलाश किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह गारबपुर गांव में आम के बाग में फांसी पर लटका सर्वेश का शव मिला। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पति से तकरार के बाद विवाहिता ने ट्रेन से कट कर दी जान
कैलसा(अमरोहा)। देहात थाना क्षेत्र में विवाहिता ने पति से तकरार के बाद ट्रेन से कट कर जान दे दी। महिला के ट्रेन से कटने की खबर पर लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा भर कर शव मोर्चरी पर रखवाया, मगर तलाश करते हुए परिजन मोर्चरी पर पहुंचे और बिना कार्रवाई शव घर ले गए।
डिडौली कोतवाली के ड्यौढ़ी वाजिदपुर गांव के लोगों के अनुसार रोशन और इसकी पत्नी कुसुम के बीच कई दिन से तकरार चल रही थी। बृहस्पतिवार को पति से तकरार के बाद जान देने के लिए कुसुम घर से निकल आई। देर शाम वह देहात थाना क्षेत्र के कोठी खिदमतपुर में रेलवे फाटक के पास पहुंची। जब इधर उधर कोई नहीं दिखा तो वह आ रही ट्रेन के आगे कूद गई।
ट्रेन से कटने से उसके चीथड़े उड़ गए। महिला के ट्रेन से कटने की खबर से लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस पहुंच गई। घंटों तक भी शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और मोर्चरी पर रखवा दिया। रात तक कुसुम घर नहीं पहुंची तो परिजनों को बड़ी चिंता हुई। ढूंढने निकल गए। मोर्चरी से बिना पोस्टमार्टम कराए उसका शव घर ले गए। 28 वर्षीय कुसुम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।