अमरोहा। गोबर डालकर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं, टक्कर के बाद कार भी खाली प्लाट में पलट गई। आक्रोशित भीड़ ने चालक और उसके साथी की जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ ने आरोपी चालक और उसके साथ को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
देहात थानाक्षेत्र के गांव तेलीपुरा में सफाई कर्मी नेत्रपाल का परिवार रहता है। सोमवार की शाम करीब चार बजे मुन्नी देवी कुड़ी पर गोबर डालकर घर लौट रहीं थीं। इस दौरान कैलसा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में मुन्नी की मौके पर मौत हो गई। वहीं, टक्कर लगने के बाद कार खाली प्लाट में जाकर पलट गई। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित भीड़ ने कार चालक और उसके साथ को पकड़ लिया, दोनों की जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही एसओ सुरेश कुमार गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। चालक और उसके साथी को कार सहित कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। एसओ ने बताया कि पति नेत्रपाल की तहरीर पर आरोपी चालक अश्वनी निवासी मिलक अदलपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।