हसनपुर। दहेज में बुलेट बाइक व दो लाख रुपए की मांग के लिए महिला को दो मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों पर दहेज एक्ट का केस दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
बताते हैं कि जनपद संभल के थाना रजपुरा के गांव ककरोआ निवासी डोरीलाल की बेटी अर्चना की शादी दस दिसंबर 2014 को हसनपुर नगर के मोहल्ला खेबान निवासी उमेशचंद के साथ हुई थी। शुरू में सब ठीक था। इस बीच अर्चना ने एक बेटी व एक बेटे को जन्म भी दिया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपए एवं बुलेट बाइक की मांग करने लगे। इसको लेकर छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाने लगी। कई बार घर से निकाल दिया। करीब एक साल से दो मासूम बच्चों के साथ मायके में रह रही हूं। लेकिन पति या कोई ससुराल वाला वहां बुलाने नहीं पहुंचा। आरोप है कि ससुरालियों ने मायके से उपहार स्वरूप मिला सामान भी बेच दिया है। कोतवाल संजय तोमर का कहना है कि एसपी के आदेश पर उमेश चंद पति, कृष्णा देवी सास, कैलाश जेठ, मनवीर चचेरा ससुर, चरन सिंह, संतोष जेठानी, गीता जेठानी निवासी मोहल्ला खेबान हसनपुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।