दफ्तर में बुलाकर फैक्टरी के मैनेजर ने महिला कर्मचारी के साथ छेड़खानी की। पुलिस में शिकायत करने पर नौकरी से निकाल दिया। जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर डिडौली पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित स्टोनमैन ब्रॉस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का है। अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला यहां पर लेबर के रूप में कार्य करती थी। उसका आरोप है कि कंपनी का मैनेजर उस पर गलत नजर रखता था। काम के बहाने दफ्तर में बुलाकर इधर-उधर की बातें करता था। आरोप है कि 29 जून की शाम 6 बजे ड्यूटी खत्म होने के समय मैनेजर ने उसको दफ्तर में बुला लिया। उसका मानदेय बढ़ाने का लालच देकर गलत हरकतें कीं। उसी दिन पीड़िता ने मामले की शिकायत डिडौली कोतवाली में की तो नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद भी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। लिहाजा पीड़िता ने एसपी आदित्य लांग्हे को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कंपनी के मैनेजर पंकज चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करा की कार्रवाई की जाएगी।