अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में रास्ते किनारे बैठ कर फसल की रखवाली कर रही बुजुर्ग महिला को बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकरौली मिलक निवासी 60 वर्षीय शांति पत्नी रघुवर रोजाना देर रात तक अपने खेत पर फसल की रखवाली करने जाया करती थी। वह शनिवार शाम को भी खेत पर गई हुई थी। देर शाम रास्ते के किनारे बैठकर वह फसल की रखवाली कर रही थी। इसी बीच रुखालू लिंक मार्ग पर आई तेज गति से बाइक ने महिला में टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई एवं ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बुजुर्ग महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। महिला ने अपने पीछे पांच बेटियां और दो बेटे छोड़े हैं। उधर, घायलों का उपचार कराया जा रहा है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार त्यागी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।