अमरोहा। जोया रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को मिशन शक्ति के तहत उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ ने सम्मान समारोह आयोजित किया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा नीतू सिंह को दोबारा जिला अध्यक्ष व रश्मि चौधरी को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया।
विज्ञापन
समारोह में मुख्य अतिथि रहीं चेयरमैन शशि जैन ने कहा कि बिना शिक्षा के इंसान तरक्की नहीं कर सकता है। हमें अपने बच्चों को हर हाल में शिक्षा दिलानी चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र सराहनीय कार्य करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि बीएसए डॉ. मोनिका ने कहा कि वे शिक्षा के उत्थान के लिए किए जाने वाले कार्यों में संगठन के साथ हैं और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगी। विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष रितु त्यागी ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों को साथ लेकर चला जाए।
मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला संरक्षिका हेमा तिवारी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए शीघ्र ही ब्लाक कार्यकारिणी के विस्तार करने की बात कही। जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन होने उपरांत पदाधिकारियों को प्राधिकार पत्र वितरित किए गए। संचालन जिला महामंत्री रश्मि चौधरी एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मृणालिनी के द्वारा किया गया। जिला अध्यक्ष नीतू सिंह के द्वारा संगठन की जिलाध्यक्ष की दोबारा से जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ज्योति सिंह, सोनिका गौतम, मनीषा सिंह, आशा मित्तल, मंजरी कौशिक, बेबी गीता मौजूद रहीं।