एटीएम कार्ड बदलकर शातिरों ने किसान की पत्नी के खाते से नब्बे हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रुपये की निकासी का संदेश मिलते ही महिला के होश उड़ गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
ये डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया का है। रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव समदपुर में रणवीर सिंह का परिवार रहता है। पेशे से किसान रणवीर सिंह की पत्नी कविता का खाता जोया स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में है। उनके पास अपने खाते का एटीएम भी है। 29 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे कविता ने एटीएम से 500 निकाल रहीं थी। तभी दो युवक एटीएम में घुस आए और झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। एटीएम कार्ड बदलने से अनजान कविता वहां से घर के लिए चल पड़ीं लेकिन कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर 89500 निकालने का संदेश मिला। जिसे देखकर उनके होश उड़ गए।
उन्होंने मामले की जानकारी अपने पति रणवीर सिंह को दी और बैंक जाकर खाते पर रोक लगवाई। इसके बाद उन्होंने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर पीके चौहान ने बताया कि मामले में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।