मंडी धनौरा(अमरोहा)। थाना पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक लक्जरी कार से तीन लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि शराब दूसरे क्षेत्रों में हो रहे पंचायत चुनावों में प्रत्याशियों को बेचने के लिए लाई जा रही थी।
प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात वह पुलिस बल के साथ चांदपुर मार्ग पर गोलघर के निकट चेकिंग कर रहे थे। चांदपुर दिशा से आ रही हरियाणा नंबर की एक लक्जरी कार को रोका गया। लक्जरी कार की तलाशी ली गई तो पीछे की ओर 19 पेटी अंग्रेजी शराब, तीन बोरों में अंग्रेजी शराब की 312 बोतल व चार पेटी में 192 पव्वे भरे हुए थे। बरामद शराब की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। पकड़ा गया आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के थाना बादशाहपुर के गांव ऊंची कोठी का रहने वाला अशोक सैनी है। फरार आरोपी का नाम सुनील निवासी ग्राम नूरपुर कलां थाना रजबपुर है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लक्जरी कार को भी कागजात नहीं दिखाने पर सीज कर दिया गया है।