अमरोहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा नगरीय निकायों को 50.66 करोड़ रुपये पेनॉल्टी की नोटिस के बाद प्रशासनिक तंत्र हरकत में है। एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सूखे और गीले कूड़े का मौके पर ही सेग्रीगेशन (पृथक्करण) करने का निर्देश दिया है। गीले कूड़े का वर्मी कंपोस्ट बनाए। सूखे कूड़े को बेचने के लिए कबाड़ी से एग्रीमेंट करने को कहा है। राजस्व की कम वसूली और अनुपस्थिति पर जिले के पांच अधिशासी अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह ने सोमवार को अधिशासी अधिकारियों की मीटिंग तलब की। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का फीडबैक लिया। पेनॉल्टी के नोटिस के जवाब के बारे में जानकारी लिया। कहा कि नोटिस का जवाब तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि कूड़े के उठान में देरी नहीं की जाए। गीले कूड़े का वर्मी कंपोस्टिंग कर निस्तारण किया जाए। सूखे कूड़े को बेचने के लिए कबाड़ी से एग्रीमेंट किया जाए। संचारी रोग अभियान चल रहा है। प्रत्येक वार्ड में फॉगिंग कराई जाए। बारिश शुरु हो गई है। नाला और नालियों की तलछट की सफाई की जाए। सील्ट का उठान भी सुनिश्चित करें। उन्होंने निकायों की कम वसूली पर नाराजगी जताई। कहा कि पिछले महीने के लक्ष्य को पूरा किया जाए। इस दौरान पीओ डूडा ऋषिपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी गण डॉ. मणिभूषण तिवारी, राजीव कुमार और पुष्पेंद्र राठौर रहे।