भले ही भारत सरकार ने एक बार में तीन तलाक पर कानून बनाकर महिलाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न रोकने का काम किया है। लेकिन इसके बाद भी दहेज लोभियों को कानून का डर नहीं है। गुरुवार को भी तीन तालाक से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। परिजनों संग शहर कोतवाली पहुंची पीड़ित महिला ने दहेज के लिए पति पर एक बार में तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। वहीं तहरीर देकर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जबकि पति ने तीन तलाक देने से इंकार किया है। कुछ दिन पहले मारपीट करने पर पति को पुलिस थाने लाई थी।
शहर के मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी 8 अक्टूबर 2015 को मोहल्ला मजापोता निवासी से की थी। बेटी की विदाई पर हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। जो, ससुरालियों की नजर में चुभने लगा। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग करने लगे। ससुराल पक्ष की तहर-तरह की यातनाओं को झेलकर पीडि़ता जैसे-तैसे समय काटती रही। बताया कि पिछले दिनों ससुराल वाले एक लाख रुपये नगद और बाइक की मांग करने लगे। विरोध करने पर विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए घर से निकाल दिया। बीती 17 दिसंबर को पति, जेठ, देवर व नंद ने मायके में चढ़ाई कर दी। मायके में रखे सामान में तोड़फोड़ की। पत्नी को भी बेरहमी से पीटा। इस दौरान पति ने विवाहिता को एक बार में तीन तलाक कहकर रिश्ता खत्म कर दिया। वहीं पति का कहना है कि आरोप सरासर गलत है। तीन तलाक नहीं दिया है। उल्टे ससुराल पक्ष घर आए थे और पत्नी के साथ सामान भी ले गए। कोतवाल राजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। दोनों का पक्ष सुनने के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी।