हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात घर के टिनशेड में सो रहे राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज (30) की हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने गला, दोनों हाथ-पैर और पेट समेत छह जगह से धारदार हथियार से बेरहमी से काटा। घटना के समय उनकी पत्नी रूही और बच्चे भी पास ही सो रहे थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि रूही ने ही अपने रिश्ते के देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कराई है। मृतक के पिता ने बहू और दो अज्ञात पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने पत्नी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक मेहराज उर्फ मिराज राजमिस्त्री थे। शनिवार रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के टिनशेड में अलग-अलग चारपाइयों पर सोए थे। रविवार सुबह जब उनके पिता मोमीन पहुंचे तो मेहराज को खून से लथपथ पड़ा देखा। उसके हाथ-पैर बंधे थे और गर्दन पर गहरे घाव थे। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। एसपी अमित कुमार आनंद ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेसिंग एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि मेहराज की पत्नी रूही का अपनी बहन के देवर के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा है। इसीलिए रूही मेहराज के साथ रहने को तैयार नहीं थी। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि रूही ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की है। एक अन्य आरोपी के घटना में शामिल होने की बात सामने आई है।
बयान
- राजमिस्त्री की उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गला रेतकर हत्या की है। पिता की तहरीर पर पत्नी समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा