अमरोहा। अक्षय तृतीया पर जिलेभर में शादी समारोह की धूम रहेगी। शुभ मुहूर्त के चलते एक ही दिन में कई जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर शादी के बंधन को अक्षय बनाएंगे। शादी से पूर्व होने वाले रिंग सेरेमनी, मांगलिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। अक्षय तृतीय के चलते जिले के अधिकांश बैंक्वेट हाल, शादी मंडप शादी समारोह की व्यवस्था लिए पूर्व में ही बुक हो चुके हैं। उधर, अक्षय तृतीय पर सर्राफा बाजार में रौनक आ गई। इस दिन सोना चांदी की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। वहीं कोरोना संक्रमण के दो साल बाद सराफा बाजार में चमक दिखाई पड़ रही है। व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
बैसाख माह की शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि अक्षय तृतीया कहलाती है। इस दिन भगवान परशुराम का जन्म हुआ था, अन्नपूर्णा माता का जन्म हुआ था, इसी दिन ब्रह्मा के पुत्र अक्षय का जन्म हुआ था, उनके नाम पर ही अक्षय तृतीया पड़ा था। इस दिन बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलते हैं। ऐसे माना जाता है अक्षय तृतीय के दिन जो भी शुभ कार्य किए जाते हैं, वह अक्षय हो जाते हैं, अक्षय का अर्थ है जो कभी खत्म न हो, इस दिन शादी करना शुभ माना जाता है। इसे अनसूझ साया भी कहा जाता है। सोना चांदी की खरीदारी करना भी शुभ होता है। इस बार अक्षय तृतीय का पर्व 3 मई को मनाया जाएगा। इस दिन जिलेभर में शादी समारोह की धूम रहेगी। जिन परिवारों में अक्षयतृतीया के दिन बेटा, बेटी की शादी है, उन्हें कई माह पूर्व बैंक्वेट हाल, शादी मंडप की बुकिंग करानी पड़ी है।
सराफ बाजार में लौट सकती है रौनक
अमरोहा। सराफ कुंवर विनीत अग्रवाल ने बताया कि कोरोना काल के चलते सराफ बाजार पर असर पड़ा है। शादी सीजन में भी बहुत कम सोने, चांदी की खरीदारी हो रही है। अक्षय तृतीया पर उम्मीद है, सोने, चांदी की खरीदारी का ग्राफ बढ़ने की क्योंकि लोग शुगन के तौर पर खरीदारी करते हैं। जिन परिवारों में बेटा, बेटी की शादी है, वह भी अक्षय तृतीया के दिन आभूषणों की खरीदारी करने को निकलेंगे। क्योंकि अक्षय तृतीया के दिन सोना, चांदी की खरीदारी करना शुभ माना जाता है, घर में लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।
क्या कहते हैं पंडित
पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि अक्षय तृतीया का पर्व तीन मई (आज) को मनाया जाएगा। इस दिन जिलेभर में शादी समारोह की धूम रहेगी। कई शादियों में मांगलिक कार्य संपन्न कराएं जाएंगे। शादी विवाह के अलावा रिंग सेरेमनी, गोदभराई, सगाई आदि मांगलिक कार्य भी हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन सोना, चांदी की खरीदारी करना शुभ रहेगा। अक्षय तृतीया का पर्व सभी के लिए शुभ रहेगा।