आदमपुर। गंगेश्वरी ब्लॉक के गांव आदमपुर में ग्रामीण पिछले एक साल से जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण बारिश और नालियों का गंदा पानी मुख्य सड़कों पर जमा है। आदमपुर के मुख्य चौराहे पर यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिससे न केवल हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है, बल्कि स्कूली बच्चों को भी इस गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
यह मार्ग आदमपुर बस स्टैंड से संभल, ढबारसी, रहरा और अन्य गांवों को जोड़ता है। जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। रुके हुए पानी से उठती दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप के कारण क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और ब्लॉक स्तर के अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। अर्जुन, आकाश, शिव कुमार, गुड्डू, महेंद्र, आनंद, जयपाल सिंह आदि ग्रामीणों ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
क्या बोले ग्रामीण
-एक साल से हम समस्या बनी हुई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और बुजुर्गों का घर से निकलना बंद हो गया है। शिकायतें करके हम थक चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।प्रकाश अग्रवाल, आदमपुर
बयान: मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से व्यापार भी चौपट हो रहा है। गंदा पानी दुकानों में घुसता है। जिम्मेदारों को कई बार इस समस्या के बारे में अवगत कराया गया है। लेकिन जमस्या जस की तस है। राकेश कुमार, आदमपुर
बयान: गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। अगर जल्द ही जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई, तो ग्रामीण उच्चाधिकारियों से शिकायत को मजबूर होंगे। चमन सैनी, आदमपुर
बयान: सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और उनमें भरा पानी हादसों को दावत दे रहा है। जलभराव की वजह से आदमपुर बस स्टैंड से अन्य गांवों को जोड़ने वाला रास्ती हालत जल्द ही सही होनी चाहिए। अतीक अहमद, आदमपुर
बयान: आदमपुर में जलभराव की समस्या की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।मनोज कुमार सिंह, नायब तहसीलदार, हसनपुर