आजाद रोड पर पानी भरा होने के कारण दुकानदारी चौपट हो गई है। ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला
मानसून की दस्तक और नगर पालिका की अनदेखी से हुए जलभराव ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बिन बारिश शहर के कई मोहल्ले के लोग जलभराव की परेशानी झेलने को मजबूर हैं। मोहल्ला लाल मस्जिद माधो गली के लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है तो मोहल्ला जामा मस्जिद में नमाजियों को गंदे पानी से होकर मस्जिद तक पहुंचना पड़ रहा है। जामा मस्जिद को तीनों सड़कें जलमग्न हो गई हैं। सड़क पर एक फिट तक पानी लगा है। यहीं नहीं जामा मस्जिद के मेन गेट पर पानी जमा हुआ है। वहीं आजाद रोड पर जलभराव होने से यहां के दुकानदारों की दुकानदारी चौपट हो गई है। यहां हफ्तेभर से सड़क पर पानी भरा हुआ है। कई दुकानों में पानी भर गया है। जलभराव होने से ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच रहे हैं। यहां के दुकानदारों को जलभराव से आर्थिक चोट पहुंच रही है। जबकि नगर पालिका प्रशासन बेखबर बना हुआ है। अगर इस बीच बारिश हो गई तो हालात और भी बदतर हो जाएंगे।ब्यूरो