अमरोहा। हैंडलूम कारोबारी का शव पोस्टमार्टम के लिए रविवार को भी कब्र से नहीं निकाला जा सका। इसके लिए पुलिस डीएम से अनुमति मिलने का इंतजार कर रही है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। मामले में कारोबारी की भाभी समेत आठ पर मुकदमा दर्ज है।
24 अगस्त की शाम हैंडलूम कारोबारी गुफरान ने मोहल्ला नल नई बस्ती स्थित मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में सुसाइड नोट और वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। शुक्रवार को मृतक की भाभी समेत आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ गुफरान को आत्महत्या के लिए उकसाने में एफआईआर दर्ज की ली थी। पुलिस ने कारोबारी के पिता अताउल्लाह की तहरीर पर भाभी सना के अलावा फजल अहमद, सोनू कबाब वाला, अयूब बावर्ची, बब्लू, मोहसिन, तंजीम बेग व सलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
आरोप है कि फजल ने पुलिस की मदद से गुफरान को कोट चौकी में बुलाया था। वहां उसकी बेइज्जती करते हुए मारपीट की गई थी। हड़काते हुए दरोगा के सामने ही गोली मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद कोट चौराहे पर एक दुकान में बंधक बनाकर भी गुफरान को प्रताड़ित किया गया था। आरोपियों से छूटकर घर पहुंचे गुफरान ने वीडियो बनाने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया था।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला था और निजी अस्पताल भी ले गए थे। चिकित्सकों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने 25 अगस्त को बिना पोस्टमार्टम शव को सुपुर्दे खाक कर दिया था। फिलहाल, मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अनुमति के लिए डीएम कार्यालय से पत्राचार किया गया है लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिल सकी है।