अमरोहा। जिले में निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एडीजी बरेली पीसी मीना और डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाने के अलावा ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। प्रयागराज की घटना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि चुनाव में अवैध शराब की तस्करी व बिक्री पर पूरी तरह पाबंदी रहनी चाहिए। हिस्ट्रीशीटर व आपराधिक इतिहास वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करें। जिले में अभियान चलाकर वारंटी को गिरफ्तार किया जाए।
कहा कि नगर निकाय चुनाव सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली जए। आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा चुनाव ड्यूटी में गैर जनपद से आने वाली पुलिस बल के ठहरने की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी। पुलिस बल की जिस क्षेत्र में ड्यूटी लगी है उसी क्षेत्र में ठहरने की व्यवस्था की जाए। सभी पुलिस वाहनों में दंगा निरोधक उपकरण का वितरण कर दिया जाए। महिला पुलिस बल के ठहरने की उचित व्यवस्था की जाए। आगामी त्यौहार ईद एवं परशुराम जयंती के दृष्टिगत धर्मगुरुओं, पीस कमेटी एवं संभ्रांत व्यक्तियों की मीटिंग कर ली जाए। कोई नई परम्परा नहीं पड़ने दी जाएगी। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। सोशल मीडिया पर प्राप्त होने वाली छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके बाद हिल्टन कॉन्वेन्ट सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल में चुनाव सम्पन्न कराने के लिए बाहर से आये पुलिस फोर्स के ठहरने के लिये की गयी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी आदित्य लांग्हे, एएसपी राजीव कुमार सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राणा, सतीश चंद पांडेय समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।