हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान ईवीएम की दिक्कत के साथ कई जगह मतदान प्रभावित हुआ। जिससे मतदाताओं ने हंगामा भी किया।
क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में बूथ संख्या 128 पर ईवीएम खराब हो गई। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब 45 मिनट बाद दूसरी ईवीएम लगाई गई। लेकिन वह भी खराब निकली। इसके करीब एक घंटे बाद तीसरी मशीन लाई गई। तब जाकर मतदान सुचारू कराया। करीब दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। जिससे लोगों ने हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर सपा प्रत्याशी मुखिया गुर्जर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मतदान कर्मचारियों से इसके बारे में जानकारी की। इसके बाद एसडीएम अनिल कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर मतदान कर्मियों को चेताया कि मतदान में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। सपा प्रत्याशी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि हार की बौखलाहट से कारण ईवीएम मशीन खराब बताई जा रही हैं। गांव मटीपुरा में बूथ संख्या 175 पर पच्चीस मिनट देरी से मतदान शुरू हो पाया। जिससे मतदाताओं को दिक्कत उठानी पड़ी। गांव बुरावली में बूथ नंबर 160 पर 15 मिनट तक ईवीएम मशीन खराब रही। मशीन खराब होने के चलते खलबली मच गई। पीठासीन अधिकारी अब्बास अहमद व राजेंद्र कुमार ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण मशीन खराब हुई। 15 मिनट में खामी दूर कर दोबारा मतदान सुचारु करा दिया गया है।