सम्मान समारोह में भाजपा नेता हरवीर सिद्धू को शांत करते लोग।
अखिल भारतीय जाट महासभा के सम्मान समारोह में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा नेता हरवीर सिद्धू पर मंच से एक व्यक्ति ने गलत भाषा का प्रयोग किया जिस पर हंगामा शुरू हो गया। बाद में मंच से ही उसके माफी मांगने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद जाट समाज के नवनिर्वाचित सभासदों व नगरपालिका अध्यक्ष अंशुु नागपाल को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
रविवार को नगर के हाईवे रिसोर्ट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गजरौला से जाट बिरादरी के जीते छह सभासदों के अलावा धनौरा से तीन सभासदों व मंचासीन व मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अंशु नागपाल का स्वागत व सम्मान किया गया। भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने कहा कि शहर की सरकार में जाट बिरादरी के लोगों की अच्छी तादाद में भागेदारी होना अच्छी बात है। विकास के हर क्षेत्र में जाट समाज के लोगों को आगे बढ़ना होगा। पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल ने कहा कि निकाय चुनाव में जाट समाज ने भाजपा का भरपूर समर्थन किया है। महासभा के जिलाध्यक्ष एवं सभासद तेजपाल सिंह ने नगर के डा. श्याम सिंह चौराहे का नाम चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखने की मांग की। पूर्व एमएलसी डा. हरि सिंह ढिल्लो, डा. श्याम सिंह, भाकियू भानू राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह, वेदपाल सिंह, नेमपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, डा. निर्मला आर्य रहे।