अमरोहा। फल कारोबारी दानिश की हत्या का रहस्य गहरा गया है। उसकी विसरा रिपोर्ट निल आई है। वहीं पुलिस अब आत्महत्या मान रही है। जबकि मृतक की बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मूलरूप से डिडौली कोतवाली क्षेत्र में जोया के मोहल्ला मुल्लाना निवासी दानिश अली फल का कारोबार करते थे। वर्तमान में वह अपनी पत्नी हिना और दो बच्चों के साथ अमरोहा नगर कोतवाली के मोहल्ला तलवारशाह में किराए पर रहते थे। पांच फरवरी की शाम को दानिश अली बाइक लेकर घर से निकले थे, लेकिन वह वापस नहीं लौटे। दो दिन तलाश करने के बाद सात फरवरी को परिजनों ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 फरवरी को दानिश का शव अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में सोत नदी में पड़ा मिला थी। उनकी हत्या कर शव नदी में फेंका गया था। कई दिन तक पानी में पड़ा रहने के कारण शव गल और फूल गया था। इस मामले में मृतक के भाई मोहसिन की तहरीर पर मोहल्ला तलवारशाह निवासी जहीर और उनके बेटे समीर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। यह भी बताया था बताया कि मृतक दानिश अली और आरोपी जहीर के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। ये भी सामने आया कि दानिश अली पर कई लोगों का कर्ज भी था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित कर लिया था। लिहाजा विसरा जांच को भेजा गया था। सोमवार को मिली बिसरा रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उधर मृतक की बाइक का अभी तक पता नही चल सका है। ऐसे में पुलिस के सामने दानिश की हत्या का राजफाश करना चुनौती बन गया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि विसरा रिपोर्ट भी निल आई है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर अब अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।