अमरोहा में चोरी की बढ़ती घटनाओं और पुलिस की लापरवाही के खिलाफ थाने का घेराव करते ग्रामीण।
सरकड़ा कमाल में लगातार हो रहीं आपराधिक वारदातों को लेकर पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटनाओं को रोकने में नाकाम थाना पुलिस से बेेहद नाराज लोगों ने थाने का घेराव किया। पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने गांव में पंचायत कर वारदातों को रोकने के लिए रणनीति बनाई।
सरकड़ा कमाल के सैकड़ों ग्रामीण बुधवार की सुबह भाकियू भानू के प्रांतीय महासचिव चौधरी दिवाकर सिंह के नेतृत्व में रजबपुर थाने पहुंचे। थाने का घेराव किया। गांव में हुई घटना से बेहद गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए कहा कि सरकड़ा कमाल में आए दिन घटनाएं हो रही हैं। तीन घरों में 35 लाख से अधिक की चोरी का खुलासा नहीं किया गया है। सप्ताह भर पूर्व भी बदमाश गांव में दाखिल हो गए थे। जाग होने पर ग्रामीणों व बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई थी। आज फिर बदमाश दो लाख से अधिक का माल समेट ले गए। थाना पुलिस घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम है। जिसके चलते अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं।
मंगलवार की रात गांव में हुई दो लाख से अधिक की चोरी इसी का नतीजा है। थानाध्यक्ष मोहित चौधरी ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया तथा घटना के खुलासे को आठ दिन की मौहलत मांगी। किसानों ने चेतावनी दी कि आठ दिन में खुलासा नहीं होने पर सड़क पर उतरने को मजबूूर होंगे।