ढबारसी। आठ दिन से बिजली आपूर्ति नहीं मिलने को लेकर गांव शीतला सराय के ग्रामीणों ने बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। कहा कि खेतों के लिए फसलों की सिंचाई के लिए अलग बिजली की लाइन है। इस लाइन में आठ दिन से बिजली आपूर्ति नहीं मिली है। जिससे फसलें सूख रही हैं।
बृहस्पतिवार को गांव शीतला सराय के रहने वाले जितेन्द्र राणा, देवराज सिंह, महिपाल सिंह, राजकुमार, सचिन कुमार, जगदीश सिंह, बहादुर सिंह, ब्रजेश सिंह, बिजेंद्र, टीकम सिंह, रामेश्वर सिंह, समरपाल सिंह, रूपचंद सिंह, करण सिंह, छोटिया चन्द्र आदि ग्रामीण एकत्र होकर ढबारसी बिजलीघर पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से फसलें सूख रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। जिससे किसानाें को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए। अन्यथा आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। बिजली विभाग के अधिकारी किसानों की मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा।