जोया (अमरोहा)। गांव फरासपुरा उर्फ फरीदाबाद समेत करीब दर्जनभर गांवों के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जोया बिजलीघर पर बिजली की अघोषित कटौती को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणाें को शांत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जोया बिजलीघर की बिजली लाइनों के जर्जर तार आए दिन टूट जाते हैं। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है और गर्मी में बिजली की अधिक कटौती शुरू हो जाती है। गर्मी में ग्रामीणों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। दिन रात में लाइट की ट्रिपिंग होती रहती है। जोया बिजली घर से जुड़े दर्जनों गांव के लोगों को बिजली की कमी का संकट का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतर शाम के वक्त में बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है। रात में लगभग एक बजे से सुबह पांच बजे के समय लाइट ट्रिपिंग कम रहती है। प्रदर्शन करने वालो में सिनौरा, टिकिया, फतेहपुर, पलौला, भीकनपुर मूंडा, नरथो, जलालपुर, कपासी, इकौंदा, मुबारकपुर, शाहबाजपुर, पतखोई, श्यौनाली, नसीरपुर, श्यामपुर, मकसूदपुर, हट्टावा, डिडौली के ग्रामीण शामिल रहे। एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बिजली कटौती की समस्या को दूर कर लिया जाएगा।