अमरोहा। किसान की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। शिकायतीपत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने कहा कि अगर पुलिस ने पहले ही कार्रवाई की होती तो संजीव की मौत न होती।
सैदनगली क्षेत्र के बैगपुर मुंडा गांव के लोग बुधवार को एसपी कार्यालय पर पहुंचे। शिकायतीपत्र देकर बताया कि गांव के संजीव कुमार ने 21 अगस्त को फंदे लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने गांव के ही हरि सिंह सैनी, अरुण, बुद्ध प्रकाश, रमेश, तरुण, सुरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि यह लोग संजीव और उनके बड़े भाई कुलदीप से प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश रखते हैं। कुलदीप पूर्व में गांव के प्रधान रह चुके हैं। इस बार वह चुनाव लड़ना चाहते हैं। आरोपी प्रधानी के चुनाव को लेकर संजीव और उनके बड़े भाई कुलदीप को प्रताड़ित करते हैं।
20 अगस्त को इन लोगों ने संजीव को धमकी भी दी थी। इससे संजीव परेशान थे। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक इसके बाद संजीव ने आत्मघाती कदम उठा लिया था।