गजरौला। अमरोहा में खंभे पर चढ़ कर काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत हो जाने पर परिजनों ने ठेकेदार के ऑफिस पर हंगामा किया। मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि मुआवजा नहीं दिलाया गया तो धरना देने के लिए मजबूर होंगे।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसौली निवासी ग्रामीण बुधवार की सुबह गजरौला के सरस्वती विहार मोहल्ले में पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली के ठेकेदार के ऑफिस पर हंगामा करते हुए कहा कि गांव का 30 वर्षीय बीनू ठेकेदार के अधीन काम करता था। बीती 16 मई को अमरोहा के चूना भट्टी मोहल्ले में बिजली के खंभे पर चढ़ कर काम कर रहा था। शट डाउन लेने के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई। करंट लगने से वह झुलस गया। दिल्ली के सफदर जंग अस्पताल में भर्ती कराया। 25 मई की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मगर ठेकेदार ने मृतक के परिजनों के घर जाना भी मुनासिब नहीं समझा। वह दूसरे के घर बैठकर चला आया। ग्रामीणों ने हंगामा कर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि मुआवजा नहीं दिए जाने पर धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
-