अमरोहा। जिले में 15 दिन से चल रही सीएचओ और एएनएम की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। सोमवार को भी संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। अधिकांश कर्मचारी लखनऊ में आयोजित धरने में शामिल होने गए। इससे जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में सेवाएं बाधित रहीं। पैथोलॉजी लैब बंद होने से मरीज बिना जांच और दवा के लौटने को मजबूर हुए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण भी प्रभावित हुआ।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। जिला अस्पताल के अलावा अमरोहा, जोया, गजरौला, हसनपुर, रहरा और मंडी धनौरा सीएचसी पर भी कामकाज प्रभावित रहा।
जिलाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि संगठन की पांच मांगें हैं। इनमें नियमितीकरण या समान कार्य-समान वेतन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ व एचआर का लाभ, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण नीति और अनुकंपा नियुक्ति शामिल हैं। लखनऊ में भी धरना जारी है।
संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से सीएचसी में जांच ठप
जोया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। सोमवार को भी कर्मचारियों ने मांगों को लेकर काम नहीं किया। पैथोलॉजी लैब में जांच बंद होने से मरीजों को डॉक्टर को दिखाने के बाद खून की जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। समय पर जांच नहीं होने से मरीज और उनके तीमारदार परेशान हैं। संवाद