अमरोहा। हजरत शाह विलायत के उर्स का मंगलवार को समापन हो गया। अकीदतमंदों ने कुल शरीफ में शिरकत की। मुल्क में अमन और कौम की सलामती के लिए दुआ की। मेले में महिला और बच्चों ने खरीदारी की। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहा। उर्स की शुरूआत फज्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी से हुई। सुबह से जायरीन का दरगाह में तांता लग गया था, दूसरे जिलों और अन्य जगहों से जायरीन आए। उन्होंने दरगाह में चादरपोशी की। इसके साथ ही मन्नत मांगी। दोपहर के बाद जायरीन में तबर्रुक तकसीम किया गया। इसके अलावा महफिले समा में कव्वालों ने शाह की शान में कलाम सुनाया। नमाजे अस्र के बाद हसन शुजा नक़वी के मोहल्ला घेर मुनाफ स्थित आवास से चादर शरीफ का जुलूस निकला जो नौबतखाना और लकड़ा से दरगाह शरीफ पहुंचा। बाद नमाजे मगरिब दरगाह में कुलशरीफ की रस्म हुई। विधायक महबूब अली और एमएलसी परवेज अली ने दरगाह में चादरपोशी की। इस दौरान डॉ. अफसर परवेज, हाजी इकरार अंसारी, हाजी खुर्शीद अनवर, नईम तकवी, आदिल जफर खां, प्रोफेसर नाशिर नकवी, हसन इमाम नक़वी, मुबारक अली, उवैस मुस्तफा रिजवी, सूफी तसद्दुक, हकीम परवेज अख्तर, फैसल जफर, फ़रजंद नक़वी आदि रहे।