गंगा में प्रतिमा विसर्जन रोकने पर हंगामा, पुलिस से नोकझोंक
भड़के श्रद्धालु कई बार धरने पर बैठे, समझाने पर माने, तालाब में किया विसर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं को पुलिस ने चेक पोस्ट पर रोक लिया। इस पर हंगामा हो गया। गंगा जल में प्रतिमा विसर्जन करने की जिद पर अड़े श्रद्धालुओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। कई बार धरने पर बैठे और फिर उठ गए। उन्होंने पुलिस से गंगा में प्रतिमा विसर्जन रोकने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों का लिखित आदेश दिखाने को कहा। इस दौरान पुलिसकर्मियों से खींचतान भी हुई। किसी तरह समझा कर शांत किए। तालाब में प्रतिमा विसर्जन कर गंगा में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु वापस लौटे।
एनजीटी का आदेश है कि गंगा को अविरल और निर्मल रखने के लिए उसमें प्रतिमाओं का विसर्जन न किया जाए। जिसके अनुपालन को थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी मंगलवार सुबह से ही तिगरी के निकट बने चेक पोस्ट पर पुलिस के साथ मुस्तैद हो गए। करीब पौने चार बजे वाहनों में सवार करीब दो सौ से अधिक श्रद्धालु पहुंच गए। वह गंगा जल में प्रतिमा विसर्जित करने जा रहे थे। पुलिस ने एनजीटी के निर्देशों का हवाला देते हुए उनको रोक लिया। इस पर श्रद्धालु भड़क गए। उन्होंने वहीं पर हंगामा करना शुरू कर दिया। गंगा में प्रतिमा विसर्जित करने की जिद पर अड़ गए। जितना पुलिस समझाती, उतने ही अधिक भड़कते। इस बीच पुलिस से खींचतान भी की गई। गंगा जल में विसर्जित करने के लिए किनारे जाने की जिद पर अड़े श्रद्धालुओं ने कभी किसी नेता से बात की तो कभी किसी अधिकारी को फोन मिलाते। रोके जाने के लिए पुलिस से शासन और आला अधिकारियों के लिखित आदेश दिखाने को कहा। मगर पुलिस ने किसी की नहीं सुनी।
साफ कह दिया कि पुलिस किसी भी कीमत पर गंगा में प्रतिमा विसर्जित नहीं होने देगी। उनके लिए तालाब में पानी भरवाया गया है। यहां पर तख्त डलवाया गया है। इसलिए तालाब में ही विसर्जित करें। बाद में श्रद्धालुओं ने
कहा कि वह विसर्जन तो तालाब में कर देंगे लेकिन उनको गंगा में स्नान करने दिया जाए। खासी मशक्कत के बाद पुलिस ने उनको समझा कर शांत किया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि जिद पर अड़े श्रद्धालुओं ने गंगा में प्रतिमा विसर्जन को लेकर हंगामा भी किया था, लेकिन उनको एनजीटी के आदेशों का हवाला देकर समझा दिया गया।
पाकबड़ा, डिडौली और रजबपुर पुलिस ने साधी चुप्पी
गंगा में प्रतिमा विसर्जन के लिए मुरादाबाद और अमरोहा के श्रद्धालु लगातार तिगरी पहुंच रहे हैं। यहां तक प्रतिमाओं को ढोल नगाड़ों के साथ लाते हैं, जबकि शासन ने सभी जिलों की पुलिस और प्रशासन को यह निर्देश दिए हैं कि वह एनजीटी के आदेशों का पालन कराने के लिए अपने ही जिले में प्रतिमा का विसर्जन कराएं। गंगा में किसी भी कीमत पर विसर्जन नहीं होने दिया जाए। इसके बाद भी मुरादाबाद के श्रद्धालु तिगरी तक कैसे पहुंच रहे हैं, जबकि रास्ते में पाकबड़ा, डिडौली और रजबपुर थाना पुलिस भी पड़ती है। अगर मुरादाबाद से आने वाले श्रद्धालुओं को जिले में दाखिल होने से पहले ही रोक दिया जाए तो शायद हंगामा न हो।