रास्ते के विवाद में चेयरमैन पति व पूर्व प्रधान के बीच नोकझोंक, हंगामा
हसनपुर (अमरोहा)। नगर में कर्बला तालाब के पास प्लाटिंग के रास्ते और नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के स्थान को लेकर नगर पालिका की चेयरमैन नीलम खान के पति एवं बसपा नेता शादाब टाटा और बावनखेड़ी के पूर्व प्रधान बोबा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर मेें कर्बला तालाब के पास प्लाटिंग चल रही है। तालाब के रास्ते से ही प्लाटिंग को रास्ता जा रहा है। कुछ दिन पूर्व प्रशासन की टीम ने रास्ते को कब्जामुक्त कराया था। अब वहां पर नगर पालिका द्वारा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन दूसरे पक्ष रास्ते को जनहित का रास्ता बताते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। अब उस स्थान पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य रूका पड़ा है। शुक्रवार को नगर पालिका चेयरमैन पति शादाब टाटा की इसी बात को लेकर प्लाटिंग कर रहे पूर्व प्रधान फुरकान उर्फ बोबा के साथ नोकझोंक हुई। जमकर खींचतान के साथ हंगामा हुआ। पुलिस को भी सूचना दी है। हालांकि पुलिस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिलने की बात कह रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।
तालाब की भूमि से रास्ता निकालकर प्लाटिंग की जा रही है। जिसकी वजह से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। इसी को लेकर कहासुनी हुई। उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। --शादाबा टाटा, चेयरमैन पति व बसपा नेता हसनपुर।
जिस भूमि पर प्लाटिंग की जा रही है। उस भूमि को खरीदा है। रास्ता जनहित का है।--फुरकान उर्फ बोबा पूर्व प्रधान बावनखेड़ी।