अमरोहा। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से परेशान ग्रामीण अब सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए जल निगम की ओर से जल सारथी एप पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीण सड़क की क्षतिग्रस्त स्थिति की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके की जांच कर सड़क की पुनर्स्थापना की कार्रवाई करेंगे।
दरअसल, ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस दौरान जिले में करीब 2926 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई थी। इनमें से अब तक 2914 किलोमीटर सड़कों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, जिन स्थानों पर सड़कें खोदने के बाद मरम्मत नहीं हुई है, वहां के ग्रामीण ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में बहाल करना संबंधित कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क मरम्मत में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
ग्रामीणों को जल सारथी एप पर सड़क की मौके से फोटो और वीडियो अपलोड करनी होगी। इसके बाद शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगी। जांच के आधार पर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता मुजीब अहमद ने बताया कि जिन गांवों में अभी पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के साथ सड़कों की गुणवत्ता और समयबद्ध पुनर्स्थापना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।