अमरोहा। भीषण गर्मी में बिजली ने लोगों को परेशान कर रखा है। शहर से लेकर गांव तक बिजली की समस्या बनी हुई है। जोया क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे तक लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे फसलों की सिंचाई पर असर पड़ रहा है। सुबोधनगर और मोतीनगर समेत कई मोहल्लों में बिजली की ट्रिपिंग से लोग बेहाल हैं।
आए दिन बिजली की समस्या कम होने की बजाए बढ़ रही है। जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली भी लोगों का साथ नहीं दे रही है। रविवार को दोपहर में सुबोध नगर में एक घंटे में करीब 10 से 12 बिजली की ट्रिपिंग हुई। इससे लोगों को एसी की ठंडी हवा भी नहीं मिल पाई। बिजली की समस्या ने लोगों को बेहाल कर रखा है। शहर हो या फिर गांव सब जगह बिजली की दिक्कत बनी हुई है। इससे जहां लोगों के कारोबार पर असर पड़ रहा है तो वहीं फसलों की सिंचाई पर असर पड़ रहा है।
....
जोया बिजली घर पर 24 घंटे आपूर्ति के बावजूद ग्रामीणों को नहीं मिल रही 18 घंटे बिजली
जोया। बिजली घर पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे तक बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली घर से जुड़े दर्जनों गांवों में कटौती कर टुकड़ों में केवल 8 से 10 घंटे ही आपूर्ति दी जा रही है।
दिन में भी ग्रामीणों को मात्र 4 से 4:30 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली घर पर तैनात फीडर कर्मचारी अपनी मनमर्जी से बिजली का संचालन कर रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इनवर्टर-बैटरी भी जवाब दे चुकी हैं। फ्रिज में ठंडा पानी न होने से लोगों को सामान्य पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। शाम से लेकर पूरी रात में केवल 3:30 से 4 घंटे ही बिजली मिल रही है। थोड़ी-थोड़ी देर चलकर रात भर बिजली गायब रहती है। जोया बिजली घर से कालखेड़ा, डिडौली, सेंतली हटृवा, पट्टी, हरियाना, श्यौनाली, सिनौरा, मिठनपुर समेत दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं।
जहां बिजली की समस्या बनी हुई है। अधिशासी अभियंता निखिल वर्मा ने बताया कि ओवरलोड की वजह से कटौती की जाती है। जिससे लोगों को दिक्कत न हो।