आरोपियों ने फाड़ दिया वारंट
सोमवार की शाम को सैदनगली के एसआई सत्येंद्र नागर टीम के साथ हरियाणा गांव पहुंचे। एसआई सतेंद्र नागर के मुताबिक, आरोपी राजू घर पर मौजूद था। उन्हें कोर्ट का वारंट पढ़कर सुनाया तो इसी दौरान आरोपी राजू और उसके परिवार के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कोर्ट से जारी वारंट को आरोपियों ने फाड़ दिया और देखते ही देखते पुलिसकर्मियों को घेर लिया और धक्का-मुक्की, गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।
दो सिपाही घायल
लाठी डंडे, धारदार हथियार व सरियों से हमला किया गया। हमले में सिपाही रोहित कुमार और सिपाही सुमित कुमार की वर्दी फाड़ दी। मारपीट में दोनों सिपाही घायल भी हो गए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया। इस दौरान परिजनों ने आरोपी राजू को मौके से भगा दिया।
प्राथमिकी दर्ज
एसआई सत्येंद्र नागर ने बताया कि आरोपी राजू लंबे समय से कोर्ट की कार्रवाई से बच रहा था, जिस पर न्यायालय ने वारंट जारी किए थे। राजू, सोनू, फकीरा उर्फ फकीरचंद, शांति, भूरी और हरवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में फकीरा, भूरी और शांति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।