डिडौली कोतवाली क्षेत्र में यूपी-100 पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। नशे में धुत दबंग प्रवृत्ति के लोग पड़ोसी की दीवार ढहा रहे थे। विरोध करने पर मारपीट को उतारू हो गए। गुरुवार को ग्रामीण की सूचना पर यूपी-100 से पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे। दबंगों ने पुलिस के साथ गाली गलौज एवं मारपीट शुरू कर दी। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ डाली। सगे भाइयों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है।
मुबारकपुर गांव निवासी अरविंद व जयवीर पर आरोप है कि वह बुधवार की शाम छह बजे शराब पीकर पड़ोसी बृजकिशोर की दीवार ढहा रहे थे। बृजकिशोर के विरोध करने पर मारपीट को उतारू हो गए। गांव के लोगों के समझाने के बाद भी नहीं माने। जिस पर गांव के लोगों ने यूपी-100 को फोन कर दिया।
सूचना मिलने के बाद यूपी-100 से एचसीपी चंद्रपाल, सिपाही सचिन कुमार व चालक रवि मलिक को लेकर गांव में पहुंच गए। दीवार ढहाने से रोकने पर नशे में धुत भाई पुलिस से भिड़ गए। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से गाली गलौज शुरू कर दी। हाथापाई कर पुलिस के साथ मारपीट की। दबंगों पर पुलिस की वर्दी फाड़ने का भी आरोप है। पुलिस के साथ मारपीट कर दबंग फरार हो गए।
यूपी-100 पुलिसकर्मी डिडौली कोतवाली पहुंचे। दबंगों के खिलाफ तहरीर दी। यूपी-100 पुलिसकर्मियों की तहरीर पर पुलिस ने दबंगों के खिलाफ गाली गलौज कर पुलिस के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने व वर्दी फाड़ने का मामला दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार शर्मा के मुताबिक पुलिस के साथ मारपीट की कोई घटना नहीं हुई, बल्कि पुलिसकर्मी आरोपियों को गाड़ी में बैठा रहे थे। जिसका विरोध किया। रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी हाथ नहीं लगे हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।