अमरोहा। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार पिछले साल के मुकाबले 1241 परीक्षार्थी कम हो गए हैं। वर्ष 2025-26 में जहां कुल 51277 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 50036 रह गई है। हाईस्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या में मामूली बढ़ोतरी हुई है, जबकि इंटरमीडिएट में पंजीकरण घटने का असर कुल संख्या पर पड़ा है। पांच फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा ने बताया कि इस बार हाईस्कूल में 26708 और इंटरमीडिएट में 23328 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पिछले साल हाईस्कूल में 26583 और इंटरमीडिएट में 24694 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इस तरह हाईस्कूल में 125 परीक्षार्थी बढ़े हैं, जबकि इंटरमीडिएट में 1366 परीक्षार्थी कम हुए हैं। इंटरमीडिएट में आई कमी के चलते दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल पंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले साल की तुलना में हाईस्कूल के पंजीकरण में करीब 0.47 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि इंटरमीडिएट में लगभग 5.53 प्रतिशत की कमी आई है। दोनों कक्षाओं को मिलाकर परीक्षार्थियों की कुल संख्या में करीब 2.42 प्रतिशत की गिरावट हुई है। आंकड़ों के अनुसार, इस बार हाईस्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या इंटरमीडिएट से अधिक है। पिछले साल भी हाईस्कूल के मुकाबले इंटरमीडिएट में कम परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड की ओर से अभी परीक्षा केंद्रों की सूची जारी नहीं की गई है। इसी माह अस्थायी केंद्रों की सूची जारी होने की संभावना है। सूची जारी होने के बाद संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद शासन स्तर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची निर्धारित की जाएगी। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी। विभाग का लक्ष्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नकलविहीन और व्यवस्थित परीक्षा संपन्न कराना है।