अमरोहा। यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाओं के लिए तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। इसके लिए बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची को मंगलवार को जारी किया जा सकता है। इसके बाद परीक्षा केंद्रों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से आरंभ होंगी। परीक्षाओं को कराने के लिए जिले में केंद्र बनाए जा रहे हैं। पिछले दिनों बोर्ड ने 68 कॉलेजों को केंद्र बनाने के लिए सूची जारी कर दी थी। जिस पर विभाग द्वारा आपत्तियां ली गई थीं। शुरू में 60 केंद्र बनाए जाने प्रस्तावित थे। लेकिन इसके बाद ली गई आपत्तियों का निस्तारण करते हुए 68 केंद्र अनंतिम रूप से प्रस्तावित किए गए थे। जिन पर 11 आपत्तियां दर्ज हुईं थीं। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि इस पर अब बोर्ड द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मोहर लगाई जाएगी। संभावना है कि परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड की ओर से मंगलवार को जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। परीक्षा को नकल रहित और नियमानुसार ही संपन्न कराया जाएगा। इस बार हाईस्कूल व इंटर में 50001 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
-