अमरोहा। यूपी बोर्ड की पहली पाली में हाईस्कूल गणित प्रश्नपत्र, इंटरमीडिएट के पुस्तकालय विज्ञान, फल एवं खाद्य संरक्षण आदि विषय की परीक्षा आयोजित हुई। दोनों परीक्षा में कुल 19189 छात्र-छात्रा पंजीकृत थे। जिसमें 17835 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1354 परीक्षार्थी परीक्षा से नदारद रहे। हाईस्कूल गणित की परीक्षा को लेकर डीएम बीके त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया। वहीं जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सचल दल परीक्षा को लेकर अलर्ट रहे और निगरानी करते रहे।
मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित प्रश्न पत्र की परीक्षा आयोजित हुई। गणित की परीक्षा में 18980 संस्थागत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जबकि 81 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत थे। कुल 17835 छात्र-छात्रा परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1346 छात्र-छात्राओं ने गणित की परीक्षा छोड़ दी। पेपर देकर आए कुछ छात्र-छात्राओं ने प्रश्नपत्र कठिन बताया तो कुछ ने ठीक बताया। वहीं अधिकांश ने औसत दर्जे का बताया। पहली पाली में ही इंटरमीडिएट पुस्तकालय विज्ञान, फल एवं खाद्य संरक्षण आदि विषयों की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में 122 छात्र-छात्रा पंजीकृत थे। जबकि 114 परीक्षा में शामिल हुए और 8 छात्र परीक्षा से नदारद रहे। गणित की परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। डीएम बीके त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। वहीं जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा को लेकर अलर्ट रहे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने भी केंद्रों की निगरानी की। सचल दल केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न हुई।
क्या बोले छात्र-छात्राएं...
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल गणित की परीक्षा देकर लौटे छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग तरीके से अपनी प्रतिक्रिया दी। किसी ने कहा कि पेपर बहुत आसान है तो किसी ने पेपर औसत दर्जे का बताया। वहीं कुछ ने इसे कठिन बताया।
इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में गणित का पेपर बहुत हल्का आया है। अधिकतर सभी सवाल करके आया हूं। उम्मीद है कि इस पेपर में मुझे अच्छे अंक प्राप्त होंगे। आगे भी इसी तरह से पेपर आते रहें।
मयंक, छात्र हाईस्कूल।
मुझे उम्मीद नही थी कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल में गणित का पेपर इतना हल्का आएगा। पेपर करने का समय तीन घंटे का था। जबकि मैने मात्र दो घंटे में ही पूरा पेपर हल कर लिया था।
शगून, छात्र हाईस्कूल।
यूपी बोर्ड की कक्षा-10 का गणित का पेपर ज्यादा टफ तो नही था। जो कुछ मैने रिवीजन किया अधिकतर वही सवाल इस पेपर में आए हैं। मैं उम्मीद करतीं हूं कि आने वाले पेपर भी इतने ही आसान आएं।
आफिया, छात्रा हाईस्कूल।
गणित के पेपर को पढ़ने के बाद ऐसा लग रहा था कि मैं सब कुछ कर चुकी हूं। फिलहाल पेपर बहुत बढि़या हुआ है। बहुत ही आसानी से हल हो गया। मैं समय से एक घंटा पहले ही पेपर हल कर लिया था। पेपर करने के बाद दिल को बहुत सुकून मिला है।
हुमेरा, छात्रा हाईस्कूल।