अमरोहा। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आगामी परीक्षाओं को लेकर शैक्षणिक सत्र 2026-27 का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत कक्षा 10 और 12 की अर्द्धवार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षाएं सितंबर के चौथे सप्ताह में, जबकि अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षाएं अक्तूबर में आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के साथ निर्धारित समय सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार कक्षा 10 और 12 का संपूर्ण पाठ्यक्रम 10 जनवरी 2027 तक पूरा करना होगा। कक्षा नौ और 11 का पाठ्यक्रम 25 जनवरी 2027 तक पूर्ण कराया जाना है। पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की नियमित परीक्षा और बोर्ड परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी, ताकि पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद पुनरावृत्ति और मॉडल पेपर का अभ्यास कराया जा सके।
कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं 11 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। इसके बाद बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 27 जनवरी से 10 फरवरी 2027 तक होंगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक विषयों की परीक्षा निर्धारित व्यवस्था के तहत कराई जाएगी। कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं एक फरवरी 2027 से शुरू होंगी। इनके लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करनी होंगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 में आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड की ओर से लिखित परीक्षाओं की विस्तृत तिथियां बाद में जारी की जाएंगी। शैक्षणिक कैलेंडर जारी होने के बाद माध्यमिक विद्यालयों ने परीक्षा और पाठ्यक्रम पूरा कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीआईओएस शतानंद शर्मा ने बताया कि निर्धारित समयसीमा में पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक, प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित ढंग से तैयार कराने पर जोर दिया जा रहा है। संवाद