अमरोहा। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जारी की गई प्रस्तावित 68 केंद्रों की सूची के लिए 11 आपत्तियां दर्ज की गईं हैं। अब माध्यमिक शिक्षा परिषद इन आपत्तियों का परीक्षण कर उन्हें निस्तारित करने के साथ ही परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की सूची को अंतिम स्वरूप प्रदान करेगा। 30 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकीं हैं। लिखित परीक्षा के साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए भी तारीखों की घोषणा कर दी गई है। केंद्रों के निर्धारण की नवंबर माह से ही शुरू कर दी गई थी। डीएम की ओर से तहसील स्तरीय टीमों के सत्यापन के बाद कुल 60 प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी की गई थी जिसके लिए चार दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। परीक्षा के लिए इस बार छह परीक्षा केंद्रों को पहली बार केंद्र बनाया जाना प्रस्तावित किया गया था।
चार दिसंबर की नियत तारीख तक कुल 96 आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। जिसमें 55 आपत्ति केंद्रों की दूरी के संबंध में जबकि 39 आपत्ति परीक्षा केंद्रों के संशाेधन व दो आपत्ति केंद्रों को कटवाने के संबंध में दर्ज कराई गई थी। 11 दिसंबर तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाना था। इसके बाद 68 केंद्रों की सूची अनंतिम रूप से जारी की गई थी। जिस पर 22 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार 68 केंद्रों के लिए कुल 11 आपत्तियां दर्ज की गईं हैं। जिसमें सात आपत्ति केंद्र बनाने व चार आपत्तियां बच्चों के केंद्र बदलने से संबंधित थी। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा अब इन आपत्तियों का निस्तारण कर 30 दिसंबर को परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
-