बेमौसम बारिश ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड, पांच दिन में 150 एमएम से अधिक बरसात
अमरोहा। बेमौसम बारिश ने पिछले छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अक्तूबर माह में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है।
पांच दिन में 150 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है। इससे पहले वर्ष 2021 में 104.22 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले तीन से चार दिन और बारिश होने की संभावना है।
इस साल अक्तूबर में पिछले पांच दिन से लगातार बारिश हो रही है। करीब एक सप्ताह से सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पिछले छह सालों में अक्तूबर में इतनी बारिश नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 के अक्तूबर माह में बिल्कुल बारिश नहीं हुई थी। जबकि वर्ष 2017 अक्टूबर महीने में 0.33 एमएम बारिश हुई। वर्ष 2018, वर्ष 2019, वर्ष 2020 के अक्तूबर माह में बारिश नहीं हुई। ये साल किसानों के लिए फायदेमंद रहे। लेकिन इसके बाद वर्ष 2021 अक्तूबर माह में भी बेमौसम बारिश में किसानों को परेशान किया था। इस माह में 104.22 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। लेकिन इस साल अक्तूबर के चार दिन में बारिश ने पिछले छह सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। छह अक्तूबर से सोमवार तक करीब 150 एमएम से अधिक बारिश हो चुकी है। जबकि आगामी तीन से चार दिन और लगातार बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा है।
जिले में 1 लाख 71 हजार हेक्टेयर भूमि पर खेती होती है, जिसमें 94 हजार हेक्टेयर गन्ना, 26 हजार हेक्टेयर धान, 23 हजार हेक्टेयर बागवानी, 5 हजार हेक्टेयर सब्जी आलू गोभी, शिमला मिर्च, धनिया, पालक, तमाम हरी सब्जियां लगातार पांच दिन से वर्षा होने के कारण समाप्त हो चुकी हैं। 45 फीसदी आलू की बुवाई हो चुकी थी, जो तबाह हो चुका है। मुख्यमंत्री जनपद में नुकसान का आकलन करा कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने का कष्ट करें।
-चौधरी दिवाकर सिंह, भाकियू भानु