हजारों बीघा धान की फसल डूबी, पानी से खेत लबालब
अमरोहा। बेमौसम बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान की फसल को बारिश ने चौपट कर दिया है। हजारों बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। बारिश के पानी से खेत लबालब होने के कारण सरसों, आलू और सब्जियों की फसल खराब होने का अंदेशा है।
पिछले छह अक्तूबर की सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार को भी पूरे दिन लगातार जारी रहा। पूरी रात रुक रुक कर बारिश होती रही। सुबह के समय मूसलाधार बारिश हुई। दोपहर बाद से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। मौसम खुलने की अभी कोई संभावना नजर आ रही है। बेमौसम हो रही बारिश ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। बारिश के साथ तेज हवा चलने से सैकड़ों बीघा खड़ी धान की फसल जमीन में बिछ गई है। बारिश के पानी से खेत लबालब हो गए हैं। जमीन में गिरा धान बारिश के पानी में ऊपर तैरता नजर आ रहा है। कटा हुआ धान भी बारिश में भीग गया है। इससे किसानों को भारी नुकसान बताया जा रहा है। काफी किसान सरसों आलू, सब्जियों की फसलों की बुवाई कर चुके हैं जो अभी तक जमी नहीं है। बारिश के पानी से खेत लबालब होने के कारण उक्त फसलों का बीज खेत में खराब होने का अंदेशा जताया जा रहा है। जुन जुलाई में सूखे की मार झेलने वाले किसानों पर अब दोहरी मार पड़ रही है। वहीं किसानों ने नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिए जाने की मांग की है। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि शासन की तरफ से नुकसान का सर्वे कराने के लिए कोई आदेश नहीं मिले हैं। निर्देश मिलते की सर्वे कराकर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।