अमरोहा। दुकानों के खोलने के लिए हाल फिलहाल कोई ढील मिलने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को साप्ताहिक बंदी और शनिवार-रविवार को लॉकडाउन रहेगा। तो ऐसे में बाजार मात्र चार दिन ही खुलेगा। वह भी एक दिन दायीं तो दूसरे दिन बायीं पटरी पर। इस व्यवस्था से एक पटरी के दुकानदार को मात्र दो दिन ही दुकान खोलने का मौका मिलेगा। कोरोना संक्रमितों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। इसके चलते प्रशासन अब शासन की मंशा के अनुरूप कड़े फैसले लेने की तैयारी में है। इस संबंध में डीएम ने व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल को सोमवार को स्पष्ट इशारा कर दिया।
कोरोना के संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। मंडल और आस पास के जिलों में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। इसके चलते प्रशासन किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं है। प्रदेश सरकार ने अब सप्ताह में दो दिन के लॉक डाउन का ऐलान किया है। व्यापारिक संगठनों ने इसे अपने अनुसार परिभाषित कर लिया। सप्ताह में पांच दिन दुकान खोलने की व्यवस्था के तहत दोनों पटरी की दुकान खोलने के लिए लामबंद हो गए। व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी सोमवार को डीएम उमेश मिश्र से मिलने गए। उन्होंने दुकानों के खुलने के बारे में छूट की मांग की, लेकिन उन्होंने दो टूक जवाब दिया। कोरोना के बढ़ते संक्रमितों की संख्या को लेकर उन्होंने और सख्ती बरतने का इशारा कर दिया। व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी मायूस होकर लौट आए। वहीं अब सप्ताह में दो दिन की लॉक डाउन का एलान दरअसल पूर्णतया लॉक डाउन की ओर कदम बढ़ाने का संकेत है।
- मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। शासन की मंशा के अनुरूप काम करना है। किसी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- शशांक चौधरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम