हसनपुर में नमक महंगा की अफवाह फैलने के बाद बाजार में एकत्र भीड़ को समझाते कोतवाल अनिल समानिया। अफवाह के बाद बाजार बंद।
- फोटो : amar ujala
नमक महंगा होने की अफवाह क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में भी नमक सौ से लेकर पांच सौ रुपये किलो तक बिक गया। हसनपुर में दुकानों पर नमक की लूटपाट होने के दौरान पथराव हो गया, तो उझारी में नमक को लेकर हसनपुर-संभल रोड पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। शुक्रवार शाम को अचानक लोग कहने लगे की मोदी सरकार ने नमक महंगा कर दिया। नमक के दाम सौ से ज्यादा होने की अफवाह आग की तरफ फैलती चली गई। लोग एक दूसरे को फोन खटखटाने लगे। गजरौला में दो सौ तीन सौ रुपये किलो दुकानदारों ने नमक बेची।
हसनपुर में अमरोहा अड्डे व मुख्य बाजार में स्थित दुकानों पर नमक खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। नमक की लूटपाट की स्थिति बनते देख कई दुकानदारों ने शटर गिरा दिया। वहीं हसनपुर में मुख्य बाजार में नमक नहीं देने पर दुकानदारों पर पथराव भी किया। हालांकि पत्थर लगने से कोई घायल नहीं हो पाया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व एसडीएम मौके पर पहुंच गए। नमक के लिए हंगामा कर रहे लोगों को समझाया गया। पुलिस ने लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट कराकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उधर, उझारी में नमक को लेकर लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब नौ बजे हसनपुर संभल मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुुुलवाया। उधर, अमरोहा में अफवाह के बाद दुकानों पर लोगों की नमक खरीदने के लिए भीड़ गई। देर रात तक लोग नमक खरीदते दिखे।