बिजनौर से ट्राली में गन्ना लादकर राणा शुगर मिल जा रहे ट्रैक्टर का पहिया कैलसा रेलवे फाटक पर निकल गया। इससे ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। घटना के बारे में पता चलते ही रेलवे अफसरों में हड़कंप मच गया। ट्रेनों को जहां तहां स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया। कैलसा चौकी प्रभारी ने घंटा भर मशक्कत कर ट्रैक्टर को ट्रैक से हटवाया।
बुधवार की सुबह बिजनौर से ट्राली में गन्ना भरकर चालक सुरेश कुमार ट्रैक्टर लेकर राणा शुगर मिल के लिए चला था। करीब छह बजे जब वह कैलसा फाटक को पार कर रहा था, तभी ट्रैक्टर का पिछला पहिया झटके से निकल गया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली ट्रैक पर फंस गया और रेल संचालन बाधित हो गया। गेटमैन सुरेश कुमार ने इसकी खबर रेलवे अफसरों को दी, जिससे खलबली मच गई। कैलसा चौकी पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी सोहन सिंह पुंडीर अधीनस्थ कर्मियों को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर ने लखनऊ से दिल्ली जा रही एक्सप्रेस को कैलसा स्टेशन पर रोक दिया। मुरादाबाद दिल्ली पैसेंजर ट्रेन हकीमपुर स्टेशन पर रोक दी गई।
पुलिस ने दूसरा ट्रैक्टर मंगवाकर ट्राली व ट्रैक्टर को ट्रैक से बाहर हटाया। थोड़ी देर में ही आरपीएफ चौकी प्रभारी सोनू कुमार, पीडब्ल्यूआई अधिकारी जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जांच पड़ताल कर चालक के बारे में जानकारी हासिल की। तलाशने पर भी चालक नहीं मिला। इसके बाद ट्रैक्टर को आरपीएफ ने कब्जे में ले लिया। वहीं, ट्रैक्टर एक बीजेपी नेता का बताया जा रहा है।