हसनपुर (अमरोहा)। थानाक्षेत्र के गांव कसाईपुरा में स्कूल जाते वक्त दो छात्रों पर बिजली का तार टूट कर गिर गया। जिससे दोनों छात्र झुलस गए। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने जर्जर तार बदलवाने की मांग की है। मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
गांव के ही प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाला 10 वर्षीय हरकेश का बेटा हरिओम और महेंद्र का 7 वर्षीय बेटा रीतांशु बृहस्पतिवार की सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर रास्ते पर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे झुलस गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बिजली घर फोन करके लाइन कटवाई गई।
झुलसे बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के बाद रीतांशु की हालत में सुधार हो गया। जिसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हरिओम की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। हरिओम कक्षा चार में पढ़ता है। जबकि रीतांशु कक्षा दो का छात्र है। घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार त्यागी घटना संज्ञान में होने से इंकार किया है। वहीं परिजनों की ओर से भी कोई तहरीर नहीं दी गई है।