हसनपुर (अमरोहा)। गांव लुहारी खादर में आम आदमी पार्टी के नेता अमर सिंह खड़गवंशी के बेटे शिवम खड़गवंशी (32) की बुखार से मौत हो गई। शिवम को तीन दिन पहले बुखार आया था। उधर, नगर के ही मोहल्ला होली वाला निवासी विकास कुमार की बेटी खुशी (2) की भी बुखार ने जान ले गई। दोनों को मेरठ में इलाज चल रहा था।
गांव लुहारी खादर निवासी अमर सिंह खड़गवंशी आम आदमी पार्टी में रूहेलखंड प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य हैं। उनके बेटे शिवम को तीन दिन पहले बुखार आया था। पहले उन्होंने हसनपुर के निजी अस्पताल में उपचार शुरू कराया लेकिन तबीयत में सुधार न होने पर शिवम को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार शाम को इलाज के दौरान मेरठ में शिवम की मौत हो गई। मृतक ने अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा एवं एक बेटी छोड़ी है। विधायक महेंद्र खड़गवंशी ने गांव पहुंचकर परिवारजनों को सांत्वना दी। पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य चंंद्रपाल खड़वंशी ने भी शोक जताया।
मेरठ ले जाते समय बच्ची ने तोड़ा दम
हसनपुर के मोहल्ला होली वाला निवासी विकास कुमार की बेटी खुशी को रविवार सुबह को बुखार आया था। परिजनों ने नगर के निजी चिकित्सक से उपचार करवाना शुरू किया लेकिन तबीयत में सुधार न होने पर बच्ची को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। इस पर परिजन मेरठ ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका चार बहन भाइयों में सबसे छोटी थी।
लुहारी खादर के युवक को लीवर की गंभीर बीमारी थी जिसकी वजह से बुखार आने पर उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। वहीं बच्ची जन्मजात दुर्लभ बीमारी से ग्रसित थी। वह हेपेटाइटिस से भी पीडि़त थी। रविवार को उसे बुखार आया और उसकी जान चली गई। - डाॅ. ध्रुवेंद्र सिंह, सीएचसी प्रभारी